PM मोदी के ‘मन की बात’ की सेंचुरी: 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ एक कारवां आज 100वें पड़ाव पर पहुंचा, UN हेडक्वार्टर में भी गूंजेगी आवाज

राष्ट्रीय समाचार

3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ एक कारवां आज अपने 100वें पड़ाव पर पहुंच गया है। पहली बार देश के किसी प्रधानमंत्री ने देश के 140 करोड़ लोगों के साथ सीधा संवाद बनाया है। ‘मेरे प्यारे देश वासियों…..’ पीएम मोदी के ये शब्द सुनने के लिए करोड़ों लोग महीने के आखिरी रविवार सुबह 11 बजे का बेसब्री से इंतजार करते हैं। पीएम मोदी की मन की बात का आज 100वां एपिसोड है। उन्होंने पिछले 9 साल में मन की बात के जरिए देश की आत्मा को छुआ है।

100वें शिखर पर प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’

प्रधानमंत्री मोदी आज अपने इस अनोखे सफर का शतक पूरा कर रहे हैं और इस मौके पर एक वीडियो जारी हुआ है जिसमें आप मन की बात के पीछे की तैयारियों को देख सकते हैं। आज से पहले तक आपने रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम में मोदी की सिर्फ आवाज सुनी होगी या फिर टीवी पर माइक्रोफोन के सामने बैठे मोदी की तस्वीर देखी होगी। लेकिन 100वें एपिसोड से पहले पहली बार मोदी के मन की बात की रिकॉर्डिंग का वीडियो सामने आया है। देश की 140 करोड़ जनता के साथ मन की बात करने के वक्त पीएम कैसे आते हैं, लोगों से कैसे कनेक्ट करते हैं, किस तरह सवाल लेते हैं, कैसे उन सवालों के जवाब देते हैं, सवा मिनट के इस वीडियो से सब कुछ साफ-साफ देख सकते हैं।

4 लाख जगहों पर प्रसारण
आज मन की बात के 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए बीजेपी ने खास तैयारियां की हैं। मन की बात कार्यक्रम लाइव प्रसारण दुनिायभर में 4 लाख सेंटरों में होगा। देश भर के विभिन्न सामजिक संगठन, सिविल सोसायटी और अन्य संस्थाएं भी ‘मन की बात’ के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेगी। मन की बात के 100वें एपिसोड के मौके पर देशभर में आज बीजेपी सांसद, विधायक, मंत्री लोगों के बीच होंगे और पीएम मोदी के मन की बात को सुनेंगे।

पीएम मोदी के मन की बात सुनते हुए बीजेपी समर्थक
कौन कहां रहेंगे?

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा कर्नाटक चुनाव प्रचार के बीच होनाली दावणगेरे में मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे
गृहमंत्री अमित शाह मुंबई के विले पार्ले में मन की बात सुनेंगे
पीयूष गोयल और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मुंबई में ही मन की बात सुनेंगे
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पीएम कार्यक्रम लाइव सुनेंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ भी आज कर्नाटक में चुनाव प्रचार के बीच गंगावती विधानसभा कोप्पल में पीएम के मन की बात सुनेंगे
तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दिल्ली के पांडव नगर में मन की बात सुनेंगी

100वें एपिसोड के लिए खास तैयारी
पीएम के मन की बात के सौवें एपिसोड के लिए यूपी में भी खास इंतजाम किए गए हैं। यूपी में मन की बात कार्यक्रम सुनाने के लिए 55 हजार सेंटर बनाएं गए हैं। हर विधानसभा में कम से कम 100 जगहों पर मन की बात को सुना जा सकेगा। यूपी के सभी सांसद, विधायक प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मन की बात सुनेंगे। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठन और संस्थाएं भी इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं।

मदरसों में विशेष इंतजाम
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए जन मानस के हर तबके को छुआ है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक मन की बात के फैन हैं। ये पीएम मोदी का अंदाज ही है कि मन की बात कार्यक्रम से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी जुड़े हैं। बच्चों को पीएम मोदी की बातें बहुत अच्छी लगती हैं। मन की बात के सौवें एपिसोड को सुनने के लिए उर्दू स्कूलों और मदरसों में खास इंतजाम किए गए हैं। मुंबई के साकीनाका में उर्दू स्कूल “अंजुमन शान ए इस्लाम” के बच्चों में मन की बात के 100वें एपिसोड को सुनने को लेकर गजब का उत्साह नजर आ रहा है।

UN सुनेगा भारत के ‘मन की बात’
मन की बात के 100वें एपिसोड के ऐतिहासिक क्षण का गवाह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय भी बनने जा रहा है। आज सुबह 11 बजे जब पीएम मोदी मन की बात करेंगे उस वक्त न्यूयॉर्क में डेढ़ बज रहा होगा लेकिन यहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान रेडियो की तरफ होगा। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगा। इस मौके पर यूएन की तरफ से ट्वीट पर कहा गया है, ”ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड का लाइव प्रसारण @UN मुख्यालय में ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर में भी दिखाया जाएगा।”

पूरा अमेरिका भी सुनेगा ‘मन की बात’
मोदी मन की बात के जरिए सीधे लोगों से संवाद करते हैं, सीधे करोड़ों लोगों के दिल को छू लेते हैं। मोदी के मन की बात का डंका देश ही नहीं विदेश में भी बज रहा है। अमेरिका के न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में मन की बात कार्यक्रम सुनने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

ब्रिटेन में बजेगा ‘मन की बात’ का डंका
पीएम मोदी के मन की बात को सुनने के लिए ब्रिटेन के लोग भी खासे बेताब हैं। लंदन में भारतीय समुदाय मन की बात के 100वें एपिसोड के विशेष प्रसारण की मेजबानी करेगा। वहीं, आपको बता दें कि पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम आज दुनिया का एकलौता ऐसा कार्यक्रम है जो दुनिया के 23 भाषाओं, 29 बोलियों और 11 विदेशी भाषाओं में एक साथ सुना जाता है। मन की बात के जरिए पीएम मोदी दुनिया भर के करोड़ों लोगों से सीधे संवाद करते हैं। पीएम मोदी ने आम जनता के हर मिशन को मन की बात के जरिए जन आंदोलन बना दिया है। मन की बात कार्यक्रम का ही असर है कि आज रेडियो जन संवाद का सबसे बड़ा जरिया बन गया है।


  • Sign up
Lost your password? Please enter your username or email address. You will receive a link to create a new password via email.